कानपुर देहात। क्रोमियम प्रभावित क्षेत्र खानचंद्रपुर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों के शरीर में क्रोमियम, मर्करी, फ्लोराइड आदि की जांच के लिए मंगलवार को नमूने लिए गए। सीएमओ के निर्देश पर छुट्टी के दिन भी 12 सदस्यीय टीम व आशा ने लोगों को जागरूक किया। इसके बाद स्वेच्छा से 37 लोगों के रक्त व यूरिन के नमूने लिए गए हैं।
एनजीटी ने स्वास्थ्य विभाग को खानचंद्रपुर व उमरन के करीब 7000 लोगों में क्रोमियम व मर्करी की जांच करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम रनियां पीएचसी अधीक्षक डॉ. विशाल भसीन के नेतृत्व में खानचंद्रपुर पहुंची। टीम ने सबसे पहले आशा को प्रत्येक घर में जाकर जागरूक करने का कार्य शुरू करवाया। इसके बाद स्वयं घरों पर जाकर जांच करवाने से सिर्फ क्रोमियम नही अन्य बीमारियों का पता चलने व उनका उपचार करने में आसानी होने के बारे में समझाया।
लोगों के रजामंद होने पर टीम ने 37 लोगों का रक्त व यूरिन का नमूना लिया है। सरवनखेड़ा पीएचसी अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार यादव ने बताया कि इस चरण में टीम की ओर से कुल 150 लोगों के नमूने लिए जाने हैं। टीम 30 नवंबर तक सभी 150 नमूने लेकर जांच के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजेगी।
..................
बेहतर स्वास्थ्य के लिए जांच है जरूरी, करें सहयोग
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि टीम की ओर से लोगों के शरीर में मर्करी, क्रोमियम, फ्लोराइड, किडनी व लिवर फंक्शन टेस्ट के लिए नमूने लिए गए हैं। इसके साथ ही लोगों की लंबाई, वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, पल्स, शुगर आदि की भी जांच की गई है। उन्होंने कहा कि जांच न करवाने से आप स्वयं को खतरे में डालने का प्रयास कर रहे हैं। जांच करवाने से आपके शरीर में मानक से अधिक क्रोमियम है या नहीं इसका तो पता चलेगा। साथ ही शरीर पर क्रोमियम का दुष्प्रभाव व अन्य बीमारियों का भी पता चल सकेगा। यदि किसी को भी कोई समस्या निकलती है तो डॉक्टर को आपको बीमारी से बचाने में आसानी होगी। इसलिए जांच का विरोध करने की जगह सहयोग करें।
......................
259 लोगों में मिल चुका है मानक से अधिक क्रोमियम
क्रोमियम डंप के प्रभाव से दूषित हुए भूजल का असर लोगों पर दिखना शुरू पर होने एनजीटी के सख्ती बरतने पर वर्ष 2019 में खानचंद्रपुर के लोगों के शरीर में क्रोमियम की मात्रा पता करने के लिए जांच शुरू करवाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग अभी तक कुल 416 लोगों की रक्त की जांच करवा चुकी है। इसमें से 259 लोगों में मानक से अधिक क्रोमियम मिला है।
................
वर्जन...........
नमूने लेने के दौरान किसी अन्य विभाग का सहयोग नहीं लिया गया है। टीम की ओर से पहले स्वेच्छा से जांच करवाने के लिए राजी होने वाले लोगों का नमूना लिया जा रहा है। मंगलवार को 37 लोगों का नमूना लिया गया है। जरूरत पड़ने पर पुलिस व अन्य विभाग का सहयोग लिया जाएगा। - डॉ. एके सिंह, सीएमओ