कानपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत पाल ने बुधवार को सर्किट हाउस में कानपुर मंडल के विभागीय अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक की। इसमें मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कानपुर मंडल के सभी जिलों के अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इसमें खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रह, प्रवर्तन अभियान, अभियोजन की प्रगति और जनजागरूकता कार्यक्रमों की स्थिति पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों और विशेष अवसरों पर बाजारों में नियमित छापेमारी अभियान चलाकर मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।
समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अजीत पाल ने राममंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर कहा कि प्रकरण की जांच चल रही है और सरकार इसे गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह, कन्नौज के सहायक आयुक्त (खाद्य) उमेश प्रताप सिंह सहित मंडल के सभी जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।