कानपुर। तीन माह बाद भी विभाग के कार्यों की प्रगति में सुधार न करना और लक्ष्य की प्राप्ति न कर पाने के कारण जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को नवीन सभागार में बैठक के दौरान अफसरों से नाराजगी जताई। उन्होंने उपायुक्त उद्योग, जिला आबकारी अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। नगर निगम, जलकल, एसडीएम, तहसीलदार समेत 12 अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
जिलाधिकारी ने कर, करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक की। एप इंस्टॉल न करने पर ड्रग इंस्पेक्टर रेखा सचान को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग सौंपे गए लक्ष्यों के सापेक्ष राजस्व वसूली करे। लगातार लापरवाही करने वाले विभागों को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश अपर जिलाधिकारी नगर डॉ राजेश कुमार को दिए। डीएम ने नगर निगम, अधिशासी अभियंता जलकल, उप जिलाधिकारी (घाटमपुर, नरवल, सदर, (बिल्हौर), तहसीलदार (सदर, नरवल, बिल्हौर), एडीओ पंचायत पतारा, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग (कानपुर नगर), जल निगम ग्रामीण, केस्को, प्रांतीय खंड (लोक निर्माण विभाग), अधिशासी अभियंता, आईजीआरएस को नोटिस जारी की।