खाद्य विभाग के लगातार छापों के बावजूद मिलावटखोरी नहीं रुक रही है। पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई में मंगलवार को चावल में पीला रंग मिलाकर इससे नकली हल्दी तैयार करने का मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने यहां से करीब 5.86 लाख रुपये का संदिग्ध स्टॉक सीज किया है। टीम ने छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने इस्पातनगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज पर छापा मारा। जांच के दौरान फैक्टरी में बड़े पैमाने पर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था लेकिन उत्पादन के लिए जरूरी साबुत हल्दी का एक टुकड़ा मौके से नहीं मिला। इसके स्थान पर चावल में हल्दी जैसा रंग मिलाने के बाद इसे पीसकर पाउडर तैयार किया जा रहा था।
जब्त की गई बोरियां
- फोटो : अमर उजाला
जांच में मौके से मिर्च और धनिया पाउडर, चावल के छोटे टुकड़े, मिर्च में मिलाने वाला कलर और हल्दी में इस्तेमाल होने वाला लिक्विड कलर समेत कई संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। टीम ने हल्दी पाउडर, लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में प्रयुक्त रंग और धनिया पाउडर के नमूने लिए।
नकली हल्दी
- फोटो : अमर उजाला
मौके से 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी हल्दी पाउडर, 30-30 किलो धनिया व मिर्च पाउडर और 20 किलो मिलावटी हल्दी जब्त की गई। इसकी कुल कीमत 5,86,200 रुपये बताई गई है। सहायक आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।