कानपुर। मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़ती जरूरत को देखते हुए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग में सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंका शुक्ला ने बताया कि स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा कोर्सों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षित मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी (ऑनर्स) में 20 सीटें हैं। चार वर्षीय इस कोर्स में प्रवेश के लिए विज्ञान वर्ग से 12वीं पास होना अनिवार्य है। चयन प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा। एमए क्लिनिकल साइकोलॉजी के दो वर्षीय कोर्स में 10 सीटें हैं। बीए मनोविज्ञान (ऑनर्स) की 50 सीटों पर किसी भी वर्ग से 12वीं पास छात्र मेरिट के आधार पर प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए सीयूईटी अनिवार्य नहीं है।
इसके अलावा पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एडवांस्ड साइकोलॉजी की 10 और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग की 40 सीटों के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू है। सभी पाठ्यक्रम पूर्णकालिक और ऑफलाइन मोड में संचालित होंगे। डॉ. शुक्ला ने बताया कि कोर्सों में क्लिनिकल प्रशिक्षण, शोध और व्यावहारिक अनुभव पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्रों को अस्पतालों, काउंसलिंग सेंटर, एनजीओ और निजी क्षेत्र में कॅरिअर के अवसर मिलते हैं।