ज्वाइंट सीट अलोकेशन अथॉरिटी (जोसा) 2019 ने देशभर की आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई में दाखिले के लिए सीटों का विस्तृत विवरण मंगलवार को जारी कर दिया है। इसके मुताबिक देशभर की सभी 23 आईआईटी की कुल 13583 सीटों पर इस बार छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। इसमें 1120 सीटों पर सुपरन्यूमरेरी कोटे के तहत केवल लड़कियों को दाखिला दिया जाएगा जबकि अन्य 12463 सीटें ईडब्ल्यूएस, सामान्य, आरक्षित वर्ग के लिए होंगी।
वहीं ईडब्ल्यूएस और सुपरन्यूमरेरी कोटे को मिलाकर इस बार देशभर की 31 एनआईटी की सीटों में भी बढ़ोतरी हुई है। कुल 21141 सीटों पर छात्र इस बार एडमिशन ले पाएंगे। इसमें 20436 सामान्य, आरक्षित व ईडब्ल्यूएस कोटे के छात्र-छात्राओं के लिए है जबकि 705 सीटें सुपरन्यूमरेरी कोटे के तहत केवल लड़कियों को दी जाएंगी। ट्रिपलआईटी में इस बार कुल 4713 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इसमें महज 96 सीटें सुपरन्यूमरेरी कोटे के तहत बढ़ाई गई हैं। देशभर में कुल 25 ट्रिपलआईटी संस्थान हैं। इसी तरह जीएफटीआई के लिए कुल 5806 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसमें 37 सीटों पर सुपरन्यूमरेरी के तहत केवल लड़कियों को दाखिला दिया जाएगा। देशभर में जीएफटीआई (गवर्नमेंट फंडेड टेक्निकल इंस्टीट्यूट) की संख्या 28 है।
टॉप-7 आईआईटी में सीटों की स्थिति
आईआईटी कुल सीटें सुपरन्यूमरेरी कोटा
आईआईटी बांबे 1012 103
आईआईटी दिल्ली 1004 57
आईआईटी कानपुर 907 109
आईआईटी मद्रास 919 48
आईआईटी बीएचयू 1270 76
आईआईटी खड़गपुर 1427 158
आईआईटी रुड़की 1037 99
18 केंद्रों पर आईआईटीयंस के दस्तावेजों का वेरीफिकेशन
जोसा ने छात्रों के दस्तावेजों के वेरीफिकेशन व मैनुअल काउंसलिंग के लिए केंद्रों का निर्धारण कर दिया है। आईआईटी में दाखिले के लिए देशभर में कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं जबकि एनआईटी, ट्रिपलआईटी और जीएफटीआई के लिए कुल 45 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां वेरीफिकेशन की प्रक्रिया 28 जून से शुरू होगी।
कल अलॉट हाेंगी सीटें
सभी संस्थानों में दाखिले के लिए पहली सीट अलॉटमेंट की सूची 27 जून को जारी की जाएगी। 28 से दो जुलाई तक छात्र किसी भी केंद्र पर जाकर रिपोर्ट कर सकेंगे। छात्रों को अपने साथ सभी शैक्षिक, आरक्षण संबंधी दस्तावेज लेकर जाना होगा। इस बीच छात्र अपनी ब्रांच व सीट लॉक या फिर सीट फ्लोट भी कर सकेंगे।
सात चरणों में काउंसलिंग
आईआईटी में प्रवेश के लिए सात चरणों में काउंसलिंग होगी और इसके लिए सात सीट अलॉटमेंट सूची जारी की जाएंगी। दूसरी सूची तीन जुलाई को, तीसरी सूची छह जुलाई को, चौथी सूची नौ जुलाई को, पांचवीं सूची 12 जुलाई को, छठी सूची 15 जुलाई को और सातवीं व अंतिम सूची 18 जुलाई को जारी होगी।