उन्नाव जिले में एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक) एसएन साबत ने बुधवार शाम पुलिस लाइन पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने गंगाघाट थाना क्षेत्र में पत्रकार शुभममणि की हत्या में अबतक की विवेचना की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कारवाई की जाए। कांवड़ यात्रा को लेकर निर्देश दिए कि धर्मगुरुओं व मंदिर समितियों के साथ बैठक करके कांवड़ यात्रा नहीं निकालने के लिए समन्वय बनाएं।
शाम करीब आठ बजे पुलिस लाइन पहुंचे एडीजी ने एसपी, एएसपी व सीओ के साथ बैठक की। उन्होंने उन्नाव जिले में बढ़ रही हत्या की घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने गंगाघाट थानाक्षेत्र में हुई शुभममणि की हत्या में अबतक हुई विवेचना की प्रगति समीक्षा की।
एडीजी ने कहा कि इस हत्याकांड में नामजदों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर कार्रवाई करके बड़ी घटनाओं को होने से रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण श्रावण माह में निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा पर शासन ने रोक लगाई है।