फर्रुखाबाद में पुलिस के नोडल अधिकारी एडीजी ने तीन थानों की पुलिस के साथ मंगलवार को जिला जेल में छापा मारा। यहां बैरक की छत से एक मोबाइल फोन और बैरक के अंदर दो चाकू, लाइटर, बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला के पाउच मिले।
उन्होंने ऑनलाइन पेशी की प्रक्रिया का भी जायजा लिया। एडीजी प्रेम प्रकाश, पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ सिटी मन्नीलाल, शहर व फतेहगढ़ कोतवाल, महिला थानाध्यक्ष के साथ मंगलवार दोपहर जिला जेल का निरीक्षण करने पहुंचे।
इस दौरान बंदियों की तलाशी में दो चाकू, बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला के पाउच और लाइटर बरामद हुए। कायमगंज, अमृतपुर क्षेत्र के तीन बंदियों ने मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने की शिकायत की और प्रार्थना पत्र दिए। एडीजी ने बंदियों को भरोसा दिया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अस्पताल व मेस का भी निरीक्षण किया और खाने की गुणवत्ता की जांच की। एडीजी ने जेल की छत पर चढ़कर देखा तो वहां से एक मोबाइल भी बरामद हुआ। उन्होंने ऑनलाइन पेशी की प्रक्रिया का भी जायजा लिया और जेल में सफाई व्यवस्था देख कर अधिकारियों की तारीफ की।
एडीजी ने बताया कि जिला जेल में निरीक्षण के दौरान कुछ आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। इनकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इस दौरान अधीक्षक विजय विक्रम सिंह, जेलर गिरजा शंकर यादव मौजूद रहे।