यूपी की सुरक्षा दुरुस्त करने के लिए सीएम योगी के ‘एक्शन प्लान’ का बड़ा असर अब सीधा थानों में तैनात पुलिसवालों पर दिखने वाला है। शुक्रवार को कानपुर पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आदित्य मिश्रा ने ये साफ कह दिया कि उत्तर प्रदेश के पुलिसथाने अब इंसपेक्टर पद के मोहताज नहीं रहेंगे। अब काबिलों की ही थानों पर तैनाती होगी। सब इंसपेक्टर ही थाना प्रभारी बना दिया जाएगा। वर्दी पहनकर भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी पुलिसवाले को बख्शा नहीं जायेगा।
लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की हीलाहवाली से लोगों में आक्रोश है ऐसे में जनता का विश्वास जीतने के लिए पुलिसवालों को और भी ज्यादा एक्टिव होना होगा। एडीजी ला एंड ऑर्डर आदित्य मिश्रा ने कहा कि अगर कोई इंस्पेक्टर काम करने में सक्षम नहीं है तो उसे थाने से तुरंत हटा दिया जाएगा।
संदिग्धों पर रखें पैनी नजर
कानपुर में पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने ये सख्त निर्देश दिए कि संदिग्ध आतंकियों पर पैनी नजर रखी जाये। आतंकी मंसूबों को धराशायी करने के लिए स्पेशल प्लान तैयार कर जल्द से जल्द अमल पर लाया जाये। नई सरकार की सबसे ज्यादा अपेक्षायें पुलिस विभाग से ही हैं। ‘भ्रष्टाचार से मुक्त पुलिस’ बनाने पर हमारा जोर रहेगा।