कानपुर। नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट (एनएसआई) आए अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों से कहा कि वे शर्करा उद्यमी बनें। छात्र-छात्राओं को उन्होंने विभिन्न योजनाओं और इनके फायदे के संबंध में बताया।
सब्सिडी के संबंध में भी जानकारी दी और कहा कि लघु उद्योग लगाने में सरकार मदद करेगी। उत्तर प्रदेश फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री पॉलिसी (यूपीएफपीपी)-2023 से मिलने वाले लाभ के बारे में बताया। अपर मुख्य सचिव मीणा शनिवार को अधिकारियों के साथ एनएसआई पहुंचे।
उन्होंने इंस्टीट्यूट की विभिन्न तकनीकी यूनिटें देखीं। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं से भी बात की। इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. सीमा परोहा ने बताया कि विभाग के साथ गुड़ की यूनिट के संबंध में करार हो चुका है।
एनएसआई गुड़ की यूनिट लगाने वालों को तकनीक आदि के संबंध में थर्ड पार्टी सहयोग करता है। इस मौके पर यूपीएफपीपी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. एके सिंह, सीडीओ दीक्षा जैन, एसडीएम अनुभव जैन आदि रहे।