पद्मावती का विरोध करना स्वतंत्रता का हनन है। जिन लोगों ने फिल्म नहीं देखी वह लोग हाईलाइट होने के लिए फिल्म का विरोध कर रहे हैं। यह कहना है फिल्म अभिनेता शहबाज खान का। शहबाज यूपी के औरैया में आयोजित सद्भाव यात्रा में शामिल होने आए थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार के फिल्म को लेकर विरोध पर उन्होंने कहा कि इस पर वह अभी कुछ नहीं बोलेंगे।
शहर के एक होटल पर अमर उजाला से विशेष बातचीत में शाहबाज खान ने बताया कि संजय लीला भंसाली बड़े फिल्म निर्माता व निर्देशक हैं। जिन्होंने कई फिल्में इतिहास पर बनाई हैं। उन्होंने इतिहास पढ़कर ही फिल्म निर्माण किया है। कहा कि पद्मावती का विरोध करके कलाकारों का गला घोंटा जा रहा है। यह स्वतंत्रता का भी हनन है। कहा कि फिल्म में इतिहास से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। जो लोग अलाउद्दीन खिलजी व पद्मावती को लेकर विवाद कर रहे हैं वह पहले फिल्म देख लें। उन्होंने कहा कि वह बीजेपी के लिए बाद में बोलेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उनका यूपी से बेहद लगाव है इसलिए वह हर बार यूपी आना चाहते हैं और यूपी के प्यार की वजह से ही मुंबई की फिल्में हिट हो पाती हैं।