कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पहली बैठक में सख्त तेवर दिखे। सरसैया घाट स्थित सभागार में विकास कार्य एवं सीएम डैश बोर्ड की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा, परियोजनाओं को लटकाने और उनकी प्रगति पोर्टल पर अपडेट न करने वाले अफसरों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी
उन्होंने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने और तैयार परियोजनाओं को बिना अनावश्यक देरी के संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि सिर्फ कागजों में प्रगति दिखाने के बजाय अधिकारी मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता जांचें। निर्माण कार्यों में मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा में डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की वास्तविक और सही प्रगति समय से दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, जॉइंट मजिस्ट्रेट संदीप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।