यूपी के महोबा जिले में आवारा पशुओं के घूमने पर पशुपालकों को चिह्नित कर कार्रवाई करने का सिलसिला तेज हो गया है। दो दिन के अंदर जिले में सात पशुपालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इससे पशुपालकों में हड़कंप मच गया है। पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा आवारा पशुओं को पकड़कर गोशाला भेजे जाने का अभियान तेज गति से चल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवारा गायों के मालिकों की पहचानकर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी को दिए हैं। साथ ही सभी आवारा पशुओं को दस जनवरी तक गोशालाओं में भेजने के भी आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिले के अफसरों में खलबली मच गई। आनन-फानन में रामकुंड गोशाला में टीनशेड लगाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा आवारा पशुओं के चारे के लिए स्टोर रूम का निर्माण कराया जा रहा है। गोशाला में चारों तरफ निर्माण का कार्य तेजी गति से चल रहा है।