सीएमओ डा. रवींद्र यादव से डेंगू फैलने पर प्रभारीमंत्री सूर्य प्रताप साही ने अपने पास बुलाकर जवाब
- फोटो : ETAWHA
इटावा। डेंगू फैला है और तुम सो रहे हो...जिले के दौरे पर आए प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही की इस फटकार ने सीएमओ को अवाक कर दिया तो मंत्री का सख्त रुख देख डीएम जेबी सिंह ने फाइल पलटकर बताया, छिड़काव कराया जा रहा है।
सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में कृषि और जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में डेंगू की जानकारी मांगी। सीएमओ डॉ. रवींद्र यादव टालमटोल करने लगे तो प्रभारी मंत्री उखड़ पड़े। कहा, आप सो रहे हो। कैसे पता लगेगा कि जिले में डेंगू फैला है और लोग बीमार हो रहे हैं। डेंगू, मलेरिया की रोकथाम मेें बहुत लापरवाही की जा रही है। ऐसे कैसे काम चलेगा।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने पूछा, बताइए, कहां-कहां एंटी लार्वा का छिड़काव हो चुका है। इसका जवाब भी सीएमओ नहीं दे पाए। तब डीएम ने मंत्री को बताया कि छिड़काव कराया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शहर से लेकर गांवों तक एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाए। इसके लिए टीमों को सक्रिय करें। सीएमओ से कहा कि डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में दवा का वितरण भी करवाएं।
प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड वितरण की प्रगति ठीक न मिलने पर भी प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होेंने बीएसए को स्कूलों में स्वेटर बंटवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में सदर विधायक सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे, एसएसपी संतोष कुमार मिश्रा, सीडीओ राजा गणपति आर मौजूद रहे।