झांसी के मंडल रेल प्रबंधक एसके अग्रवाल ने सोमवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन
का निरीक्षण किया। विद्युत व्यवस्था में खामियां देखकर नाराजगी जताई और
अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने
स्टेशन की तीनों लाइनों की नापजोख कराई। प्लेटफार्म-2 की साइड में मानक के
अनुरूप जगह न होने पर शेड कटवाने, वेटिंग रूम में मोबाइल चार्जिंग का बोर्ड
लगाने और पेयजल बूथों पर नलों को लोहे की जाली से घेरने का निर्देश दिया।
प्लेटफार्म-2 पर रोशनी का प्रबंध न होने की शिकायत पर अवर अभियंता आरएस
यादव के खिलाफ कार्रवाई के लिए विद्युत अनुभाग के हेड टीपी सिंह को निर्देश
दिया। उन्होंने ओवरब्रिज के बजाय लोगों के ट्रैक लांघकर गुजरने और रेलवे
पार्क के पास वाहन खड़े होने पर आरपीएफ चौकी इंचार्ज एसके वर्मा को हिदायत
दी। रेलकर्मियों से कहा कि 24 नवंबर को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक
निरीक्षण करेंगे और वेटिंग रूम का उद्घाटन भी करेंगे, इसके पहले सभी
व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जानी चाहिए। इंजीनियरिंग विभाग के हेड संजय भगत,
डीईएन मनोज मिश्र, दूरसंचार सेक्शन हेड अमितकुमार गोयल, मंडल
प्रबंधक-वाणिज्य दुर्गेश दुबे, राष्ट्रीय रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व
सदस्य शेख मोहम्मद, स्टेशन मास्टर देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।