कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में एक इंटर के छात्र के साथ रंगदारी, अपहरण और अमानवीय हरकत के आरोपी सर्वेश शर्मा को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। छात्र ने चार लोगों पर आरोप लगाते हुए बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बर्रा-2 निवासी कक्षा 12 के छात्र ने दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि कुछ माह पहले साहिल शर्मा, रोहित वर्मा, अमन वर्मा और सर्वेश शर्मा उसे डराकर शराब व नशे के लिए पैसे मांगते थे। कुछ समय पहले बर्रा-6 स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर आरोपियों ने पांच हजार रुपये मांगे। मना करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी दो अज्ञात साथियों के साथ सफेद कार से आए और उन्होंने गाली-गलौज करते हुए छात्र को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी उसे विश्व बैंक कॉलोनी स्थित एक सरकारी स्कूल के कमरे में ले गए। सरकारी स्कूल के कमरे में पीटने के साथ ही अमानवीय हरकत की। एक आरोपी वीडियो बनाता रहा। मारपीट से बेहोश होने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग निकले। डर के कारण कई दिन तक अपनी मौसी के घर रहा। बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सर्वेश शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ बर्रा थाने में छह मामले दर्ज हैं, जबकि मुख्य आरोपी रोहित वर्मा पहले ही जेल जा चुका है।