कानपुर। कमीशन के लालच में बैंक खाता साइबर अपराधियों को इस्तेमाल करने के लिए देने वाले के खिलाफ अनवरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि खाते में महज तीन महीने के भीतर 2.81 करोड़ रुपये जमा हुए और करीब 2.80 करोड़ रुपये निकाल लिए गए।
थाने के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक मोहम्मद इमरान अहमद के मुताबिक ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत कोटक महिंद्रा बैंक की लाटूश रोड शाखा के एक म्यूल खाते की जांच की गई। पता चला कि एसएस एंटरप्राइजेज के नाम से संचालित खाते का खाताधारक सलमान खान निवासी चमनगंज है। एनसीआरपी पोर्टल पर इस खाते से जुड़ी महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार, केरल, कर्नाटक, उत्तराखंड और तेलंगाना से कुल नौ शिकायतें दर्ज मिलीं।
ठगी की रकम सीधे सलमान के खाते में जमा की गई और वहां से निकाली भी गई। पुलिस के मुताबिक खाताधारक कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता दूसरे लोगों को संचालन के लिए उपलब्ध कराता था। इस नेटवर्क में उसके अन्य साथी भी शामिल हैं जिनकी पहचान की जानी है।
पुलिस जांच में पांच जुलाई 2024 से 16 अक्तूबर 2024 के बीच खाते में 2,81,12,220 रुपये जमा होने और 2,80,76,261 रुपये निकाले जाने का ब्योरा मिला है। इस तरह खाते से कुल 5,61,88,481 रुपये का लेनदेन हुआ। पुलिस अब खाते के जरिये ठगी की रकम भेजने और निकालने वाले अन्य लोगों की पहचान करने में जुटेगी।
-