कमिश्नर कानपुर मंडल ने अमर उजाला की पहल की सराहना कर शासन को भेजा प्रस्ताव
‘अमर उजाला’ की अनूठी पहल विधवा-विवाह का संज्ञान कानपुर कमिश्नर मोहम्मद इफ्तिखारुद्दीन ने लिया और विवाह करने वाले जोड़ों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया। कमिश्नर ने कहा कि यह पहल शानदार है। यदि आर्थिक सहायता का एलान हुआ तो यूपी के अन्य जिलों में भी विधवा-विवाह के सफल आयोजन किए जा सकेंगे। अभी तक विधवा-विवाह पर 11-11 हजार रुपये की धनराशि मिलती है।
अमर उजाला की तरफ से चार अक्तूबर को होटल लैंडमार्क में विधवा-विवाह का आयोजन किया गया था। इसमें सात युवक और युवतियों ने पुनर्विवाह किया। साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। साथ ही कहा कि विधवा-विवाह को बढ़ावा देने के लिए योजना लाई जाएगी। अब इसी योजना को अमलीजामा पहनाने की पहल की गई है।
कमिश्नर ने बताया कि राष्ट्रीय एकीकरण के सचिव को पत्र भेजा गया है। इसकी एक कॉपी विशेष सचिव मुख्यमंत्री प्रांजल यादव के पास भेजी गई है। कहा गया है कि अमर उजाला की पहल को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इसका भरोसा मुख्यमंत्री दिला चुके हैं। अंतर जातीय और अंतर धार्मिक विवाह पर 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता (प्रोत्साहन राशि) मिलती है लेकिन विधवा-विवाह के मामले में ऐसा नहीं है। यही व्यवस्था लागू करके विधवा-विवाह को बढ़ावा दिया जा सकता है।