खजुहा (फतेहपुर)। मुगलमार्ग हाईवे पर बावनी इमली के पास बुधवार की रात लगभग 12 बजे बरातियों से भरी बस ट्रैक्टर से हल्की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई। करीब 16 बराती घायल हुए, सात को कानपुर हैलट रेफर किया गया है। सूचना से घरातियों और बरातियों में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के लोग सीएचसी पहुंचे। घायलों का हाल देखने सीओ भी सीएचसी पहुंचे।
कानपुर देहात के पुखरायां कस्बा निवासी रामलखन गोस्वामी के बेटे शुलम की बरात बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के लंका रोड केवटरा मोहल्ला निवासी सुरेंद्र गोस्वामी के घर बुधवार रात पहुंची थी। शुलम और शिवानी पुत्री सुरेंद्र का रात को जयमाल कार्यक्रम होने के बाद करीब 35 बराती बस से पुखरायां लौट रहे थे। मुगलमार्ग हाईवे पर बस की
लकड़ी लदे ट्रैक्टर से हल्की टक्कर हो गई। इससे बस अनियंत्रित होकर खंदक में गिर पड़ी। बस बबूल के पेड़ से टकराने के बाद रुकी। हादसे से बरातियों में चीख पुकार मच गई। बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बस में फंसे घायलों को बिंदकी सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी में डाक्टर ने बस चालक रमेश यादव (55) पुत्र भगवान यादव निवासी हरचरन का पुरवा थाना भोगनीपुर कानपुर देहात को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल
पुखरायां के बराती रामधनी (50), सुनील गोस्वामी (35), रामगनेश (28) व विमल कुमार (32), गनेश कुमार (45) निवासी नूरगंज पुखरायां, राकेश कुमार (54) निवासी मंगलपुर पुखरायां, अतुल गोस्वामी (18) निवासी भोगनीपुर को कानपुर रेफर किया गया। पुखरायां के ही रहने वाले दुर्गेश (25), विष्णु गोस्वामी(27), हरिनारायण(35), विनय कुमार(42), रामबाबू (50), विमल उर्फ कोटइया(32), कामता निषाद(30), दुर्गेश कुमार (28), अमर गोस्वामी(25), राकेश गोस्वामी (35), कुलदीप (25) को भर्ती किया गया। घायलों का हाल देखने के लिए सीओ अभिषेक तिवारी सीएचसी पहुंचे। कोतवाल नंदलाल सिंह ने बताया कि बस में करीब तीस से 35 बराती थे। चालक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रैक्टर को खड़ा कराया गया है।
फोटो संख्या एवं परिचय
1- फतेहपुर के बावनी इमली के पास खंदक में घुसी बरातियों की बस
2- फतेहपुर के खजुहा चौकी में खड़ा ट्रैक्टर