इटावा। रामनगर फाटक के पास गुरुवार को रेल पटरी पार करते समय दो श्रद्धालुओं की मौत राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर हो गई, जबकि एक घायल है। तीनों श्रद्धालु नारायण साकार हरि के सत्संग में शामिल होने शाहजहांपुर से आए थे।
जीआरपी क्षेत्र के रामनगर फाटक के पास गुरुवार की सुबह करीब साढे़ सात बजे रेल पटरी को पार करते समय तीन श्रद्धालु कानपुर से दिल्ली जा रही राजधानी की चपेट में आ गए।
इसमें शाहजहांपुर के बंडा थाने के उदयपुर खसरा रामखिलावन (63), शाहजहांपुर के बंडा थाने के चांदूपुर निवासी हरीराम (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चांदूपुर निवासी सर्वेश (25) पुत्र रामकिशन घायल हो गए। ये तीनों श्रद्धालु नारायण साकार हरि के सत्संग में शामिल होने शाहजहांपुर से आए थे।
तीनों के साथ आए श्रद्धालु दीनदयाल ने बताया कि वे सब शाहजहांपुर से एक बस बुक कराकर आए थे। इस बस को नई मंडी के पास खड़ा कर रेलवे पटरी को पार करके पैदल नुमाइश मैदान की ओर जा रहे थे। पटरी को पार कर रहे थे, तभी दिल्ली की ओर से एक मालगाड़ी आग गई। लोग देखते हुए पटरी पार कर रहे थे।
इसी बीच कानपुर की ओर राजधानी एक्सप्रेस के आ जाने से ये लोग हड़बड़ा गए जिससे यह हादसा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया, जबकि घायल हो जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की हालत ठीक बताई जा रही है।