हादसे के बाद हाईवे पर खड़ा क्षतिग्रस्त डंपर।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के पास कानपुर-झांसी हाईवे पर बुधवार की रात खराब खड़े ट्रक में पीछे से आ रहा गिट्टी लदा डंपर टकरा गया। इससे डंपर चालक व क्लीनर की मौत हो गई। वह टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोहरे में सड़क दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है इसके बाद भी एनएचएआई प्रशासन हाईवे पर खराब होने वाले वाहनों को हटाने में लापरवाही कर रहा है। बुधवार की रात हाईवे पर लालपुर के पास मौरंग लदा ट्रक खराब हो गया। चालक व खलासी उसे छोड़कर चले गए। इस बीच झांसी से गिट्टी लेकर कानपुर जा रहा डंपर पीछे से ट्रक में टकरा गया। करीब एक बजे हुए हादसे के दौरान जोरदार आवाज हुई इससे लोगों की नींद खुल गई। कुछ लोग हाईवे पर पहुंचे और घटना की सूचना लालपुर चौकी में दी। चौकी इंचार्ज लालपुर पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त डंपर में फंसे चालक व परिचालक को बाहर निकलवाया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। गाड़ी में लिखे मोबाइल नंबर के अनुसार मालिक से संपर्क किया गया। चालक कुंवरपुरा मोइनगढ़ टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के कृपाराम (24) और क्लीनर यहीं के रहने वाले गजेंद्र यादव (24) के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे। चौकी इंचार्ज लालपुर एके द्विवेदी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर रेंग कर वाहन निकलते रहे थे। इससे जाम नहीं लगा है।