रूरा (कानपुर देहात)। कस्बे के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार को महिला की मालगाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई थी। इधर उसकी सात माह की बच्ची का पता न लगने से नाना अर्जुन सिंह खासे परेशान थे। रविवार को एक महिला मृतका की बच्ची को लेकर बन्ना जाखा गांव पहुंची और परिजनों को सुपुर्द किया। गम के माहौल में नातिन सकुशल मिली तो नाना गोद में दुलराने लगे।
शनिवार को कस्बे के पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रैक पार करते समय अप मालगाड़ी की चपेट में आकर बन्नाजाखा, अकबरपुर निवासी रोशनी (32) की मौत हो गई थी। एकलौती बेटी की ससुराल में रह रहे पिता मोबाइल पर मिली सूचनरा पर पिता अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे थे। बेटी के सात माह की नातिन संग रूरा आने की जानकारी उन्होंने जीआरपी को दी थी। नातिन का पता नहीं चलने पर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे थे। रविवार को अमर उजाला में बच्ची के गायब होने की खबर प्रकाशित हुई थी। खबर पढ़कर एक महिला ने अपनी पहचान गोपनीय रखते हुए बच्ची को बन्नाजाखा में परिजनों को सुपुर्द कर दिया। नातिन को पाकर खुश अर्जुन सिंह ने बताया कि महिला ने अपना परिचय नहीं बताया। उसने बताया कि कुछ दूर पर वह मौजूद थी। बच्ची को बैठाकर महिला चली गई थी। बाद में वह वापस नहीं आई तो वह बच्ची को घर ले गई। घटना की जानकारी हुई तो बच्ची लेकर आई थी।