ट्रेन के इंजन में फंसी बाइक निकालकर हटाते लोग।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। झींझक-अंबियापुर स्टेशनों के बीच खमहैला गांव अंडरपास के पास मंगलवार की सुबह नंदन कानन एक्सप्रेस के इंजन से बाइक टकराकर फंस गई। चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। इससे बड़ा हादसा होते बच गया। टीएक्सआर टीम ने इंजन में फंसी बाइक को निकाला। करीब 27 मिनट बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
मंगलवार की सुबह दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर पुरी से नई दिल्ली जा रही अप की नंदन-कानन एक्सप्रेस (कोविड स्पेशल) धड़धड़ाते हुए जा रही थी। तभी खमहैला गांव अंडरपास के पास खंभा नंबर 1077-11 से एक युवक बाइक को पटरियों से पार करा रहा था। ट्रेन को आते देखकर युवक घबराकर बाइक को लाइन पर ही फेंक कर भाग निकला। सुबह 10:28 बजे नंदन-कानन एक्सप्रेस के इंजन की टक्कर लगने से बाइक फंस गई और घिसटती चली गई। चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को एक किलोमीटर आगे फाटक के पास रोक लिया। करीब एक किलोमीटर तक बाइक के घिसटने से उसके बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। टीएक्सआर टीम ने इंजर में फंसी बाइक को निकाला। ट्रेन को 10:55 बजे रवाना किया जा सका। इस बीच एलजे-59 मालगाड़ी अंबियापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। स्टेशन मास्टर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि अप की नंदन कानन एक्सप्रेस के इंजन में बाइक टकराकर फंसने से करीब 27 मिनट तक खड़ी रही थी। आरपीएफ निरीक्षक फफूंद दिनेश कुमार ने बताया कि ट्रेन से टकराई बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाइक की चेचिस व नंबर प्लेट से वाहन स्वामी का पता लगाया जा रहा है। कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर देहात जिले के झींझक रेलवे स्टेशन के पास अप की नंदन कानन एक्सप्रेस के इंजन से टकराकर फंसी ब?- फोटो : AKBARPUR