राजपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के मंसूरी मोहल्ले में ट्रैक्टर ने घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। परिजन घायल को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजपुर कस्बे के मंसूरी मोहल्ला निवासी कमरुद्दीन ने बताया कि बुधवार शाम मां इदिया बेगम (80) घर बाहर बैठी थी। तभी दमनपुर गांव की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन घायल को अस्पताल ले गए। वहां मौजूद डॉ. डीके सिंह ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद भागने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने रोड किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। चालक ट्रैक्टर को छोड़ कर भाग गया। चौकी प्रभारी अनुज अवस्थी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।