सीआरपीएफ जवान देवकीनंदन त्रिवेदी का फाइल फोटो।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर)। कहिंजरी पंप से पेट्रोल डलवाकर एक सीआरपीएफ जवान बाइक से वापस घर जा रहा था। तभी कछियन पुरवा गांव के पास जवान के ऊपर सूखा आम का पेड़ गिर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
सिमरामऊ गांव निवासी देव कीनंदन उर्फ रिंकू त्रिवेदी सीआरपीएफ की 128वीं बटालियन में जीडी कांस्टेबल के पद पर कश्मीर के अनंतनाग में तैनात था। वह 19 फरवरी को छुट्टी लेकर घर आए थे। लॉकडाउन के कारण वापस नहीं जा पाए। मंगलवार को वह बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए कहिंजरी गए थे। वहां से वापस घर आते समय कछियनपुरवा गांव के पास सड़क किनारे लगा आम का सूखा पेड़ अचानक उनके ऊपर गिर गया। इससे मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल जवान को अस्पताल ले गई। वहां डॉ. लोकेश शर्मा ने मृत घोषित कर दिया। जवान हेलमेट नहीं लगाए था। मौत के बाद पिता राधेश्याम, मां सरला देवी, बड़े भाई शेषनारायण व रिंकू का रोकर बुरा हाल रहा। पिता ने बताया कि बेटे को 10 जुलाई को वापस ड्यूटी पर जाना था।
बेहोश हुई गर्भवती पत्नी
देवकी नंदन त्रिवेदी की पत्नी अंकिता छह माह की गर्भवती है। मंगलवार शाम पति के साथ हुए हादसे की जानकारी के बाद गश खाकर गिर पड़ी। मृतक की एक बेटी तृषा पांच साल की है। पिता की मौत की जानकारी नहीं दी गई, लेकिन परिजनों को रोता देख वह सभी से पूछती रही, आखिर हुआ क्या है।