कानपुरः सोमवार को सेंट्रल स्टेशन पर सात ट्रेनों के एसी फेल हुए। इससे तमतमाए यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा काटा। 12 बार चेनपुलिंग करके ट्रेन रोकी। रेलवे स्टाफ के साथ आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने किसी तरह यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके चलते कई ट्रेनें घंटों लेट रवाना हो सकीं।
सोमवार सुबह 6:36 बजे सेंट्रल के प्लेटफार्म नंबर छह पर गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस के पहुंचते ही एसी फेल होने से तपे यात्रियों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। सूचना पर स्टेशन मास्टर आरपीएन त्रिवेदी, जीआरपी और आरपीएफ पहुंची। रेलवे के मैकेनिक मरम्मत में जुट गए। इस बीच, ट्रेन चलने से गुस्साए यात्रियों ने 12 बार चेन पुलिंग की। चार्जिंग कर एसी चालू करने में करीब तीन घंटे लग गए।
इसके बाद करीब 9:38 बजे ट्रेन सेंट्रल से रवाना की जा सकी। इसी तरह एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस करीब 9:30 बजे सेंट्रल पहुंची। इस ट्रेन में एसी फेल होने की समस्या पहले से ही थी। हालांकि, इसे पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद अगले स्टेशन के लिए रवाना कर दिया गया। दोपहर 1:07 बजे तूफान एक्सप्रेस सेंट्रल के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। इस ट्रेन में बी-1 कोच का एसी खराबी के चलते कूलिंग कम कर रहा था। यात्रियों की शिकायत पर ट्रेन 1:12 बजे एसी अटेंडेंट के साथ श्रीगंगानगर की ओर रवाना की गई। वहीं प्लेटफार्म नंबर चार पर दोपहर 3:02 बजे पहुंची एलटीटी-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे तक खड़ी रही। एसी चार्ज करने के बाद शाम करीब 4:03 बजे ट्रेन रवाना हो सकी।
इसके अलावा बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस शाम 7:06 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। एसी फेल होने के कारण यह करीब पौन घंटे बाद 7:51 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना की गई। शाम 7:35 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची सियालदह-अजमेर एक्सप्रेस भी एसी की मरम्मत के बाद 7:51 बजे रवाना की जा सकी। शाम 5:39 बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर आई मुरी एक्सप्रेस के भी यात्रियों ने एसी की कूलिंग कम होने के चलते हंगामा किया। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि चलती ट्रेन में ही एसी की मरम्मत कर दी जाएगी। ट्रेन दस मिनट बाद रवाना कर दी गई।