कानपुर के हैलट के बाल रोग अस्पताल में भर्ती आयुष्मान रोगी से डॉक्टर ने 36 हजार की दवाएं मंगवाईं। महोबा के रहने वाले पूरनलाल की बेटी कल्ली (13) को खून की बीमारी है। बांदा, झांसी में फायदा न होने पर हैलट के बालरोग अस्पताल में भर्ती किया गया। उसका इलाज डॉ. नेहा अग्रवाल की देखरेख में चल रहा है।
पूरनलाल ने बताया कि कुछ दवाएं तो यहां से मिल गईं, लेकिन बाहर से छह इंजेक्शन मंगाए हैं। एक इंजेक्शन छह हजार रुपये का है। इसके अलावा कुछ जांचें भी बाहर से कराई जाती हैं। बताया कि सारा पैसा खत्म हो गया है। अब डॉक्टर एसजीपीजीआई रेफर करने को कह रहे हैं।
एंबुलेंस से ले जाने के पैसे भी नहीं हैं। इस संबंध में हैलट के आयुष्मान प्रभारी डॉ. युक्तेश्वर मिश्र का कहना है कि जो इंडेंट आया था, वे दवाएं दिला दीं। गुरुवार को पता करेंगे कि बाहर से कौन सी दवा और क्यों मंगाई गई। बाहर से दवा मंगाने पर परिजनों को बताना चाहिए था।