वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। लखीमपुर से वापस लौटते समय बुधवार देर रात हरदोई के लोक निर्माण विभाग (PWD) के निरीक्षण भवन पहुंचे आप सांसद ने प्रयागराज में छात्रों के साथ होने वाले संवाद कार्यक्रम को रोकने की कोशिशों पर कड़ा आक्रोश जताया।
छात्रों का परिवार मानसिक त्रासदी में
सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ पेपर केंद्र सरकार लीक करवाती है तो कुछ राज्य सरकार। उन्होंने सवाल उठाया कि साल 2017 से लेकर अब तक उत्तर प्रदेश में कितने पेपर लीक हुए, इसकी गिनती की जाए। एक पेपर लीक होने से सिर्फ छात्र का भविष्य नहीं अंधकार में जाता, बल्कि उसका पूरा परिवार एक भयानक मानसिक त्रासदी और आर्थिक संकट से गुजरता है। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले देश के नौजवानों के पेट और पीठ पर छुरा मारने का काम कर रहे हैं, जिससे आज का युवा अपनी नौकरी और भविष्य को लेकर गहरे अवसाद व अनिश्चितता में है।
चर्चा में जा रहे दो छात्रों को रास्ते में किया गिरफ्तार, नहीं दे पाए TGT की परीक्षा
संजय सिंह ने प्रयागराज की घटना का ब्योरा देते हुए एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने दावा किया कि आशुतोष पांडेय और पंकज पांडेय नाम के दो युवक प्रयागराज में छात्रों की चर्चा और संवाद कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया।
पार्टियों को तोड़कर राज करना चाहती है भाजपा
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में हो रही हालिया टूट और सियासी उठापटक के सवाल पर संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है; वह देश की तमाम विपक्षी पार्टियों को केंद्रीय एजेंसियों के दम पर तोड़-तोड़कर पूरे देश पर एकछत्र राज करना चाहती है। देश में विपक्ष को पूरी तरह खत्म करने की साजिश रची जा रही है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस और बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के हरदोई जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।