सीसामऊ क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी को साउदी अरब जाकर तलाक देने की धमकी दी है। पत्नी ने उसके दूसरी महिला से संबंध होने का विरोध किया था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जरीब चौकी निवासी इरम नाज का निकाह इसी वर्ष 20 फरवरी को जाजमऊ निवासी मोहम्मद नदीम के साथ हुई। इरम के मुताबिक निकाह के दूसरे दिन से ही ससुरालियों ने दहेज को लेकर गाली गलौज, मारपीट व प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने 26 अप्रैल को थाना दिवस पर समझौता कराया। आरोप है कि दो मई को मोहम्मद नदीम को साउदी अरब जाना था। इरम की मां मिठाइयां लेकर घर पहुंची, जहां पति व ससुरालियों ने उनसे अभद्रता की। उसी दिन पता चला कि पति के दूसरी महिला से संबंध है।
इरम ने इसका विरोध किया तो उसे तलाक की धमकी दी गई। मारपीट कर गला दबा दिया। इंस्पेक्टर सीसामऊ हिमांशु चौधरी के मुताबिक जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।