माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। बाबूपुरवा में सोमवार को लहूलुहान मिले उरई के 32 वर्षीय इरशाद की शुक्रवार देर रात मौत हो गई। उसका हैलट में इलाज चल रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उसके सिर, हाथ-पैर और अन्य जगहों पर चोटें थीं। पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाकर छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
उरई के प्रेमनगर निवासी उमर मंसूरी ने बताया कि 32 वर्षीय बेटा इरशाद चिप्स, कचरी का सेल्समैन था। 18 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। घरवालों ने कई जगह तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं हुई। छोटे बेटे इकबाल ने फेसबुक पर वीडियो देखा जिसमें युवक गंभीर हालत में लहूलुहान दिखाई दिया। जिसकी आईडी से पोस्ट किया गया था उससे संपर्क करने पर बेटे की जानकारी हुई। परिजन बुधवार देर रात हैलट आ गए। यहां आईसीयू में इरशाद का इलाज चल रहा था। बेटे के बेहोशी की हालत में होने से उससे बात नहीं हो सकी। शुक्रवार की रात करीब 9:55 पर उसने दम तोड़ दिया।
उमर मंसूरी के मुताबिक इरशाद तिकोना पार्क के पास खड़ी कार के पीछे मिला था। उरई में उनके मकान और दुकान को लेकर विवाद चल रहा है। कुछ लोग उस पर कब्जा करना चाहते हैं। आरोप लगाया कि बेटे को बुलाकर हत्या की गई। दो साल पहले उनके बड़े बेटे रिजवान की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। बाबूपुरवा थाना प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि परिजनों ने युवक के दोस्त समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।