कानपुर देहात / सिकंदरा। थाना क्षेत्र के मदनपुर के पास कानपुर-इटावा हाईवे की सड़क पार कर रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी गोरेलाल का पुत्र कुलदीप उर्फ पल्ली (28) खेती किसानी कर परिवार का भरण पाेषण करता था। गुरुवार रात नौ बजे के करीब वह किसी काम से हाईवे पार कर दूसरी लेन की ओर जा रहा था। इसी बीच औरैया से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दिया। हादसे में उसका सिर बुरी तरह से कुचल गया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लिया। मृतक के पिता गोरेलाल ने बताया कि बेटे के चार बच्चे किशन, अभी, जानवी, अर्चित है। पति की मौत की जानकारी से पत्नी फूलन उर्फ नीतू , मां शारदा बिलखती रही। थानाध्यक्ष सिकंदरा अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
त्योहार की खुशियां मातम में बदली
कुलदीप की मौत से पिता गोरेलाल, मां शारदा समेत पत्नी फूलन का बुरा हाल रहा। पिता ने बताया कि घर पर दीपावली त्योहार को लेकर तैयारियां चल रही थी। सभी लोग काफी खुश थे। कुलदीप घर की साफ सफाई के साथ धनतेरस पर खरीदारी के लिए तैयारी कर रहा था। घटना से कुछ समय पहले ही वह परिवार के लोगों से त्योहार को लेकर चर्चा कर रहा था।