कानपुर। किदवईनगर में गेस्ट हाउस में फोटो खींचने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगाें ने एक युवक व उसके भाई को अगवा करने के बाद पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी दोनों भाइयों को चलती कार से धक्का देकर भाग निकले। पीड़ितों ने किदवईनगर और नौबस्ता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी अनुराग तिवारी ने पुलिस को बताया कि रविवार को छोटा भाई हर्षित जूही डिपो के पास स्थित गेस्ट हाउस में शादी समारोह में गया था। वहां स्टेज पर फोटो खींचने को लेकर उसका खाड़ेपुर निवासी प्रतीक यादव, ऋषभ सेंगर, नकुल गुप्ता से विवाद हो गया। आरोप है कि नशे में धुत प्रतीक और उसके साथी उसे बाल पकड़कर गेस्ट हाउस के बाहर ले गए। वहां पीटने के बाद जबरन बलेनो कार में अगवा कर ले गए। हर्षित के दोस्तों ने उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दी तो वह भी भाई की तलाश में निकले और पुलिस को भी सूचना दी।
इस बीच नौबस्ता के पशुपतिनगर स्थित निजी अस्पताल के पास आरोपियों के खड़े होने की सूचना मिली। पुलिसकर्मियों को बता कर वह मौके पर पहुंचे। वहां खड़ी दो कारों में एक में आरोपियों ने उनके भाई को बंधक बनाकर रखा था। उनके टोकने पर लोगों ने उन्हें भी पकड़ लिया और पीटने लगे। आरोपियों ने उनकी पीठ पर ईंट से कई वार किए। जबरन कार में घसीटते हुए ले गए। तमंचे की बट मारी जिससे खून बहने लगा। पीआरवी को आता देख आरोपी चलती कार से दोनों भाइयों को धक्का देकर भाग निकले। डीसीपी सउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि किदवईनगर और नौबस्ता थाने में अलग-अलग धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गईं हैं।