कानपुर। कैंट में एक महिला ने दंपती समेत उनके बेटे पर जमीन बेचने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मूलरूप से राजस्थान के जयपुर के तिलकनगर निवासी अंजना शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि कैंट स्थित उनके बंगला नंबर दो में रिश्तेदार रहते हैं। बीते साल नवाबगंज निवासी ब्रिज मोहन डालमिया, उनकी पत्नी शकुंतला डालमिया और बेटे विनीत ने बताया कि उनकी राजस्थान के झुंझनू जिला में पुश्तैनी जमीन है। जमीन बेचने के लिए कहा। इस पर साढ़े छह लाख रुपये ले लिए और फर्जी एग्रीमेंट भी तैयार करा लिया। मार्च 2025 में पता चला कि ब्रिज मोहन डालमिया ने किसी और को जमीन की रजिस्ट्री कर दी है। यह जमीन भी ब्रिज मोहन आदि की न होकर ट्रस्ट की है। पीड़िता ने अपनी रकम मांगी तो धमकाया जाने लगा। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई न होने पर उन्होंने ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। कैंट इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता के दस्तावेज देखे जा रहे हैं। (संवाद)