कानपुर। शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर निवेश के नाम पर पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही से साइबर ठगों ने 4.61 लाख की ठगी कर ली। ठग पीड़िता को एक व्हाटसएप ग्रुप में जोड़कर रकम ट्रांसफर कराते रहे। महिला ने जब मुनाफे की बात की तो एप चलना बंद हो गया। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही सपना कुमारी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके व्हाटसएप नंबर पर शेयर मार्केट में निवेश करने का मैसेज आया। उन्हें एक व्हाटसएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। शेयर मार्केट के बारे में टिप्स दी जाती थीं। ग्रुप एडमिन ने उन्हें एक एप का लिंक भेजा। विश्वास में लेकर उन्हें शेयर मार्केट के बारे में रोज बताया जाने लगा। इस पर वह विश्वास करती चली गईं। उन्होंने एडमिन और ग्रुप में हो रही बातों को सही मानकर एप डाउनलोड कर लिया। एप में उनका अकाउंट खुलवा लिया गया।
पीड़िता के अनुसार विभिन्न तारीखों में पहले 50 हजार रुपये फिर 2.30 लाख और 1.81 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये निकालना चाहा तो एप ने काम करना बंद कर दिया। पीड़ित के अनुसार साइबर फ्रॉड ने कुल 4,61,853 लाख की ठगी की है। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश नारायण पांडेय के अनुसार तहरीर पर अज्ञात व्हाटएसप ग्रुप एडमिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले में साइबर टीम से मदद ली जा रही है।