उदी (इटावा)। इटावा से भिंड जा रहे ट्राॅले में मंगलवार रात ट्रक ने कट मार दिया। इससे वह अनियंत्रित होकर बढ़पुरा क्षेत्र स्थित खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रॉला सवार दो लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इटावा-ग्वालियर एनएच 719 पर रात करीब तीन बजे ट्रॉला इटावा से भिंड जा रहा था। तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने ट्राॅला में कट मार दी। इससे ट्राॅला चालक संतुलन खो बैठा और ट्राॅला पुलिया की दीवार को तोड़ता हुआ 20 फीट नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में चालक मकरध्वज यादव निवासी ग्राम तिरही थाना कालपी, जालौन व दूसरा चालक सतीश कुमार निवासी बारोई थाना बरुसागर झांसी दब गए। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों चालकों को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष शशांक राजपूत ने बताया हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला।