कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा हरकोर्ट बटलर तकनीक विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह क्रमशः 9 और 10 जुलाई को प्रस्तावित हैं। इन समारोहों से पूर्व मंगलवार को राजभवन से आई टीम ने तीनों विश्वविद्यालयों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और अतिथि सत्कार से जुड़ी तैयारियों को बारीकी से परखा गया।
टीम ने छात्रावासों और कक्षाओं के साथ-साथ किचन तक पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। छात्रों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया गया। इसकी रिपोर्ट को राजभवन को सौंप दी गई है। पिछले वर्ष सीएसए के दीक्षांत समारोह के दौरान गंदगी और अव्यवस्थाओं को लेकर कुलाधिपति ने कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार तीनों विश्वविद्यालयों ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती है।