कानपुर। आरटीओ कार्यालय के बाहर गुरुवार शाम एसटीएफ लिखी कार पहुंचते ही दलालों में खलबली मच गई। जांच टीम आने की अफवाह फैलते ही कई दलाल अपनी दुकानें समेटकर वहां से खिसक लिए, जबकि कुछ सड़क के दूसरी ओर खड़े होकर कार के जाने का इंतजार करते रहे। करीब आधे घंटे तक इसको लेकर चर्चाएं होती रहीं।
बृहस्पतिवार शाम एसटीएफ लिखी कार आरटीओ कार्यालय के गेट के सामने आकर रुकी। बाद में कार को दूसरे गेट पर खड़ा कर दिया गया। उसमें से एक महिला उतरी और कार्यालय के अंदर चली गई। इसी दौरान होमगार्ड कमांडेंट भी पुलिस की गाड़ी से अपने काम के सिलसिले में आरटीओ अधिकारी के पास पहुंचे।
कार पर एसटीएफ लिखा देखकर बाहर बैठे दलालों के बीच जांच की अफवाह फैल गई। इसके बाद कई लोग अपना सामान समेटकर चले गए। करीब 30 मिनट बाद कार के रवाना होने पर वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून ने बताया कि महिला अपने वाहन का टैक्स जमा करने आई थी। टैक्स जमा करने के बाद वह वापस चली गई।