सरवनखेड़ा। गजनेर चौराहा के सुंदरीकरण के लिए शासन से एक करोड़ 51 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद रविवार को कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने भूमि पूजन किया। चौराहे के सुंदरीकरण के साथ ही यहां हाथी पर सवार सम्राट पृथ्वीराज चौहान की नई कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन-चार दिन में निर्माण शुरू कराया जाएगा।
चौहानों की राजधानी कहे जाने वाले गजनेर कस्बा के मुख्य चौराहा पर वर्ष 2004 में तत्कालीन सांसद दिवंगत श्याम बिहारी मिश्र ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित कराई थी। प्रतिमा स्थापित होने के दो साल बाद एक सिरफिरे ने डंडे से प्रहार कर उसे खंडित कर दिया था। इसके बाद से ही खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने के प्रयास किए जा रहे थे लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के प्रयासों से नई प्रतिमा स्थापित करने का रास्ता साफ हुआ।
उन्होंने प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री को पत्र भेजकर नई प्रतिमा लगवाने की मांग की थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद 24 जुलाई को संस्कृति निदेशालय की ओर से नई प्रतिमा के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया। नई प्रतिमा स्थापित करने से पहले चौराहा का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके तहत चौराहा के चारों ओर 100 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।
इसके अलावा सुंदरीकरण की जद में आ रहे बिजली ट्रांसफार्मर को हटाने और निष्प्रयोज्य यात्री प्रतीक्षालय को ध्वस्त करने का काम भी किया जाएगा। भूमि पूजन के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता बुद्ध विलास ने बताया कि चौराहे के सुंदरीकरण का काम तीन-चार दिन में शुरू करा दिया जाएगा।