कानपुर। मोबाइल खरीदने जाने की बात कहकर घर से निकले निकले कर्रही, गुंजन विहार निवासी शिवा वर्मा (22) का शव सोमवार सुबह गोविंदनगर थानाक्षेत्र के दादानगर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन ने उसकी पहचान की। मृतक के बड़े भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हादसा मान रही है जबकि चर्चा आत्महत्या की हो रही है।
गुंजन विहार कर्रही निवासी राकेश शर्मा के अनुसार उनका बेटा दादानगर स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। परिवार में मां मंगला, बड़ा भाई राहुल और दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता के अनुसार रविवार शाम बेटे ने कहा था कि वह फजलगंज स्थित दुकान में मोबाइल खरीदने जा रहा है। इसके बाद नहीं लौटा। सोमवार को उसका शव दादानगर पुल के नीचे पड़ा मिला। गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद