कानपुर। गोविंदनगर में रविवार रात तीन वाहनों और चार लोगों को टक्कर मारने वाली 10 दिन पुरानी स्कॉर्पियो कार गाजीपुर के सिपाही रोहित की है। इसे उसका भाई अर्पित उर्फ विकास चला रहा था। घटना के वक्त उसमें तीन अन्य युवक भी बैठे थे जो हादसे के बाद कार से उतर कर भाग निकले थे। हादसे में घायल और जिन वाहनों से कार टकराई उनके मालिकों ने गोविंदनगर थाने में तहरीर दी है। मौके से पकड़े गए कार चालक ने ड्राइव के दौरान बीयर का केन गिरने के कारण स्कॉर्पियो के बेकाबू होने की वजह बताई है। गोविंदनगर में नंदलाल से सीटीआई की ओर जाने वाले रास्ते पर रविवार देर रात काले रंग की स्कॉर्पियो ने पहले सड़क किनारे खड़ी सरदार गुरप्रीत की सफेद रंग की क्रेटा में टक्कर मारी। इसके बाद कार ने स्कूटी सवार राम आसरे नगर निवासी हर्षित और मोबाइल दुकान में ड्यूटी कर घर जा रहे छोटी जूही निवासी रोहित दिवाकर की बाइक में टक्कर मार दी। रोहित कार के नीचे आ गया था। गोविंदनगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हादसे में रोहित दिवाकर के गंभीर चोट आई है। कार सिपाही की है। इसे घटना के वक्त उसका भाई चला रहा था। संवाद