एक प्रधानाध्यापक ने गुरु-शिष्य के पावन रिश्ते को कलंकित कर दिया। आरोपी ने नाबालिग छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और फिर बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
मामला उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले का है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बक्सपुर्वा गांव में स्थित सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने का आरोप लगा है। पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास, पाक्सो व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी मो. इस्माइल शहर के मुखरी टोला मोहल्ले का रहने वाला है। वह सदर कोतवाली क्षेत्र के बक्सपुर्वा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का प्रधानाध्यापक हैं। सोमवार को विद्यालय के अन्य शिक्षक अवकाश पर थे।
उसने दोपहर को कक्षा आठ में पढ़ने वाली एक छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और बंधक बनाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के चीखने पर अन्य छात्राएं आ गईं तो प्रधानाध्यापक ने उसे छोड़ दिया।