पुखरायां। भोगनीपुर विधानसभा में आने वाले समय में गणमान्य व्यक्तियों (वीआईपी) के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने हेलीपैड बनाने की योजना तैयार की है। इसके तहत भोगनीपुर के दौलतपुर में स्थान का चयन किया गया है।
कानपुर देहात में अभी फिलहाल पुलिस लाइन में ही हेलीपैड है। जहां वीआईपी के हेलिकॉप्टर उतारे जाते हैं। अन्य स्थानों पर हेलीपैड नहीं होने के कारण हर बार अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ती है। इसमें समय और संसाधनों की अधिक खपत होती है। शासन के निर्देश पर अब स्थायी हेलीपैड बनाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और राजस्व विभाग के संयुक्त रूप से तहसील स्तर में हेलीपैड निर्माण के लिए जमीन चिह्नित की है। जहां करीब 33 लाख की लागत से हेलीपैड और सुगम रास्ता बनाया जाएगा।
..................
अस्थायी हेलीपैड से मिलेगा छुटकारा
अब तक विधानसभा में किसी वीआईपी कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर उतारने के लिए प्रशासन को अस्थायी हेलीपैड बनाने पड़ते रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग विभागों से निर्माण सामग्री और संसाधन जुटाने पड़ते हैं। जिससे न केवल प्रशासनिक मशक्कत बढ़ती है बल्कि आर्थिक बोझ भी अधिक पड़ता है। स्थायी हेलीपैड बन जाने से इन सभी परेशानियों से निजात मिलेगी। प्रधान गोपाल निषाद ने बताया कि स्टेडियम के समीप गांव के रास्ते के पास जगह देखी गई है। तहसीलदार डॉ. प्रिया सिंह ने बताया कि जगह मांगी गई थी उसे भोगनीपुर तहसील अमरौधा विकास के दौलतपुर में खसरा संख्या 40 की जगह लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को दिखाई गई थी। उसी को स्वीकृत कर लिया गया है।
.....................
वर्जन...............
भोगनीपुर विधानसभा के दौलतपुर में हेलीपैड के लिए जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा गया था। जिसको स्वीकृत कर निर्माण टेंडर जारी किया गया है। जिसकी बिड 24 फरवरी को खुलेगी। 33 लाख की लागत से हेलीपैड और सुगम रास्ते का निर्माण तीन महीने में पूरा किया जाएगा। - एचके सिंह अधिशाषी अभियंता निर्माण खंड-1, लोकनिर्माण विभाग कानपुर देहात