कानपुर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। 18 नवंबर को घाटमपुर के फत्तेहपुर, नौरंगा स्थित आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से रोजगार महाकुंभ का आयोजन होगा। इसमें कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होकर करीब 2039 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता और पद के अनुसार 10 से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय कानपुर और ज्वाला प्रसाद प्राइवेट आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन होगा। मुख्य अतिथि घाटमपुर विधायक सरोज कुरील होंगी। रोजगार महाकुम्भ में टाटा मोटर्स (क्वेस कॉर्प), लोहिया कॉर्प, इंडिया थर्मिट कॉर्पोरेशन, अशोक लेलैंड, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, स्पार्क मिंडा, श्रीराम फाइनेंस और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियां अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। सहायक निदेशक सेवायोजन उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक युवा रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय अपने सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र साथ लेकर आने होंगे। (संवाद)