कानपुर। शहर में कई इलाकों में कुछ दिनों में धंसे डॉट नालों के कारणों को जानने के लिए गुजरात की कंपनी सर्वे करेगी। अगले सप्ताह टीम शहर आएगी। नगर निगम जोन चार की अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल के मुताबिक, शहर में दो साल में सड़क धंसने की घटनाएं बढ़ी हैं। इसका मुख्य कारण, भूमिगत केबल, सीयूजीएल पाइप लाइन बिछाया जाना है। पाइप लाइनों के लिए खुदाई और डॉट नालों के अंदर से लाइनें निकलने के कारण वह कमजोर हो रहे हैं जिससे बारिश के दौरान सड़कें धंस रही हैं। नगर निगम ने पूरे शहर में सर्वे कराने की जिम्मेदारी गुजरात की ग्रीन टेक्नोलॉजी कंपनी को दी है। कंपनी नालों की स्थिति की जानकारी जुटा कर रिपोर्ट तैयार करेगी। बता दें कि ब्रह्मनगर, बाकरगंज, बेनाझाबर और अशोकनगर में नाला धंसने से सड़क पर बड़े गड्ढे हो गए थे। (संवाद)