कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में शनिवार से सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज होगा। 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 58 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें मैदान पर उतरेंगी। आठ दिनों तक चलने वाले फुटबॉल के इस महासंग्राम में 1800 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों की मौजूदगी मुकाबलों को खास बनाएगी।
खिताब के लिए होने वाली इस भिड़ंत में विश्वविद्यालयों की टीमें एक-दूसरे को कड़ी चुनौती देंगी। खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, रणनीति, तकनीक और कौशल का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने और उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में विवि प्रशासन आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटा है। विवि प्रशासन के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का बेहतर मंच देने के साथ विश्वविद्यालयों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।