पुखरायां। भोगनीपुर पुलिस ने मोहम्मदपुर में गहने डबल करने का झांसा देकर महिला संग टप्पेबाजी करने के एक आरोपी को दबोच लिया। उसका साथी अभी फरार है। पकड़े गए टप्पेबाज के पास से नकदी, गहने व मोबाइल मिला है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार टप्पेबाज ने गैर जनपद में भी वारदात करने की बात कबूली है।
भोगनीपुर थाना के गदाईखेडा जाने वाले रोड से पुलिस ने शनिवार देर शाम जल्लापुर सिकंदरा निवासी इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक जोड़ी कान की बाली, एक पेंडेंट, मोबाइल व 11 हजार रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में इस्माइल ने पुलिस को बताया कि 28 अक्तूबर की दोपहर को साथी अकबरपुर थाना के मटियामऊ निवासी मासूम रजा के साथ मोहम्मदपुर के पास खेतों में काम कर रही बुजुर्ग महिला से सोना डबल करने की बात कहकर पहने हुए कान की बाली व मगंलसूत्र उतरवा लिए थे। उसे गुमराह कर हम लोग फरार हो गए थे। बरामद कान की बाली व मंगलसूत्र उसी महिला का है।
इसी तरह 12 अगस्त को थाना शिवली के हथिका-खखरा के पास साथी मासूम रजा संग मिलकर एक महिला के साथ सोना-चांदी व धन को दोगुना करने का झांसा देकर टप्पेबाजी की थी। उसके गहने बेचकर 90 हजार रुपये दोनों ने बांट लिए थे। 6 अक्तूबर को उसने व मासूम रजा ने सट्टी के अफसरिया गांव के पास रोड किनारे बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाकर कान के बाले लेकर फरार हो गए थे। इन्हें 20 हजार में बेचकर रुपये बराबर बांट लिए थे। शनिवार को फिर भोगनीपुर में टप्पेबाजी करने आए थे। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति साथी के साथ जिले के अलावा बाहर भी टप्पेबाजी करते हैं। इनके खिलाफ थाना भोगनीपुर के अलावा सट्टी, शिवली, राजपुर, औरैया व अजीतमल में कई मुकदमें दर्ज हैं। दूसरे आरोपी के गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।