फतेहपुर के हथगाम थाना क्षेत्र के कसरांव गांव में सुमित (8) टॉनिक की जगह कीटनाशक पी गया। उसकी इलाज के दौरान शुक्रवार रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों में घटना से कोहराम मचा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सुमित कसरांव गांव निवासी दिवंगत श्रीचंद्र का बेटा था। बचपन में ही पिता की मौत हो गई थी। मां रन्नो देवी किसी तरह से अपने तीन बेटों कुलदीप, दीपक और सुमित का भरण पोषण करती है। रन्नो देवी की कुछ दिनों से तबियत बिगड़ी रहती थी। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया कि सुमित अपनी मां के कमरे में शुक्रवार को खेल रहा था। तभी उसे मां का टॉनिक पीने की शरारत सूझी।
टॉनिक के पास रखी कीटनाशक की बोतल टॉनिक समझ कर पी ली। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे हथगाम पीएचसी लेकर पहुंचे। हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल में कुछ घंटे इलाज के बाद सुमित की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सूचना के बाद भी समय से एंबुलेंस नहीं मिली। यदि आ जाती तो शायद बच्चा बच जाता। एसओ चंद्रभान सिंह का कहना है कि अभी परिवार ने किसी पर आरोप लगाते हुए तहरीर नहीं दी है।