कानपुर। महाराजपुर क्षेत्र में दवा लेने के बाद सड़क किनारे खड़े दंपती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। ग्रामीणों के दौड़ाने पर चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों को हैलट में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मंगलवार देर रात वृद्ध की मौत हो गई। वहीं पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
महाराजपुर के रहनस गांव निवासी चीखम (65) खेती करते थे। बड़े बेटे संजय ने बताया कि रविवार देर शाम पिता अपनी दवा लेने के लिए मां विमला के साथ घर के पास स्थित निजी अस्पताल गए थे। वहां से दोनों हाईवे पार कर आरके स्कूल के पास किनारे खड़े थे।
इस दौरान कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए और चालक कार छोड़कर मौके से भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया।
वहां हालत बिगड़ने पर दोनों को हैलट रेफर कर दिया गया। यहां चीखम की इलाज के दौरान मौत हो गई। महाराजपुर थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि कार कब्जे में ली गई है, चालक का पता लगाया जा रहा है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।