कानपुर। आजादनगर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में रविवार को हर घर शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिलास्तरीय इस प्रतियोगिता में 220 खिलाड़ियों ने बिसात पर दिमागी घोड़े चलाए।
एकदिवसीय जिला स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन कानपुर स्कूल ऑफ चेस की ओर से किया गया। 12 वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच पांच-पांच राउंड के मुकाबले हुए। इसमें किसी ने काले मोहरों से सफेद प्यादे को मारकर खेल में बढ़त ली तो किसी ने ऊंट से घाेड़े का शिकार कर खेल पर अपनी पकड़ मजबूत की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव रहे। उन्होंने विभिन्न वर्गों में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया।
विद्यालय के विभागाध्यक्ष अजय मिश्रा ने विशेष पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर प्रोत्साहित किया। इससे पहले विद्यालय के कोच विकास निषाद ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों, निर्णायकों और अतिथियों के सहयोग के लिए आभार जताया। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक एफए सतेंद्र सिंह रहे। सहायक निर्णायक कमल खेमानी, कुसुम शर्मा, प्रशंसा वर्मा, राजेश शर्मा और अजीत कुमार मोनू रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार भी दिए गए।