कानपुर। स्कूल से लाैटते समय रिक्शा चालक ने छह साल की बच्ची संग गंदी हरकत की। परिजनों ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। उसे पीटने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। रिक्शा चालक की उम्र 42 साल है।
कर्नलगंज में रहने वाली महिला के अनुसार उनकी छह साल की बेटी घर के पास स्थित एक विद्यालय में पढ़ती है। बेटी को घर से विद्यालय लाने और ले जाने के लिए उन्होंने रिक्शा लगा रखा है। आरोप है कि बुधवार को रिक्शा चालक बेटी को विद्यालय से घर लेकर आ रहा था। इस दौरान उसे बेटी से गलत हरकत करते हुए पकड़ लिया। उन्होंने परिजनों के साथ मिलकर आरोपी रिक्शा चालक को पकड़ा और पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी रिक्शा चालक को हिरासत में लिया। कर्नलगंज इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी चंद्रनगर निवासी राकेश के खिलाफ नाबालिग से छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुरुवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।